

बिलासपुर। जय वंदेमातरम् संगठन द्वारा आगामी 9 अगस्त (रविवार) को छठ घाट से नंदेश्वर महादेव मंदिर, सरकंडा तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यह आयोजन लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष यात्रा को पहले से अधिक भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है।
संगठन के प्रदेश संयोजक राजेंद्र सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष राजू सलूजा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से संगठन ऐसे शिवभक्तों के लिए कांवड़ यात्रा का आयोजन कर रहा है, जो किसी कारणवश सावन माह में आयोजित होने वाली पारंपरिक कांवड़ यात्रा में शामिल नहीं हो पाते। उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल एक लोटा जल अर्पित करने से ही प्रसन्न हो जाते हैं, इसलिए अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस पुण्य अवसर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले यह कांवड़ यात्रा सावन सोमवार को निकाली जाती थी, लेकिन इस बार रविवार को आयोजन रखा गया है ताकि अवकाश के कारण अधिक से अधिक शिवभक्त इसमें शामिल हो सकें।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष कांवड़ यात्रा को विशेष आकर्षण देने के लिए मनमोहक धार्मिक झांकियां तैयार की गई हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। गत वर्षों की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग शिवभक्त यात्रा में शामिल होंगे।
संगठन ने बिलासपुर के सभी शिवभक्तों और कांवड़ियों से इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही जिन श्रद्धालुओं के पास कांवड़ उपलब्ध नहीं है, उनके लिए संगठन द्वारा विशेष रूप से कांवड़ों का निर्माण भी कराया गया है, ताकि कोई भी श्रद्धालु इस पुण्य यात्रा से वंचित न रहे।
