
बिलासपुर। कुदुदंड क्षेत्र में तेज बाइक चलाने को लेकर शुरू हुआ पुराना विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दिनदहाड़े एक डेकोरेशन व्यवसायी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आदर्श चौक, मंगला निवासी हिमेश मांडले, जो डेकोरेशन व्यवसाय से जुड़े हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि शुक्रवार दोपहर दीपेश यादव ने उन्हें तेज बाइक चलाने की बात को लेकर रास्ते में रोक लिया था। इस दौरान दीपेश ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शिकायत के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे कुदुदंड स्थित हनुमान मंदिर के पास हिमेश की दीपेश से फिर मुलाकात हुई। धमकी का विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद दीपेश ने विवाद सुलझाने के बहाने हिमेश को भट्ठा क्षेत्र में बुलाया।
हिमेश अपने दोस्त लक्की सूर्यवंशी के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद दीपेश और उसके साथी आयुष ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आयुष ने हिमेश को पीछे से पकड़ लिया, जबकि दीपेश ने चाकू से उनके दाहिने पैर के ऊपरी हिस्से और कूल्हे के नीचे वार कर दिया। हमले में उनकी जींस फट गई और गंभीर चोट लगने से काफी खून बहने लगा।
लक्की सूर्यवंशी के बीच-बचाव के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल हिमेश को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों दीपेश यादव और आयुष की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
