
बिलासपुर। रविवार 26 जुलाई 2026 को बिलासपुर में दो प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। परीक्षा के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, व्यापम रायपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचालक (PSLA-26) परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सहायक ग्रंथपाल प्रारंभिक परीक्षा-2026 सुबह 10 बजे से 12 बजे तक संपन्न होगी।
इन दोनों परीक्षाओं के लिए बिलासपुर में कुल 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 76 केंद्रों पर व्यापम और 6 केंद्रों पर सीजीपीएससी की परीक्षा आयोजित होगी। बड़ी संख्या में बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से परीक्षार्थी और उनके अभिभावक शहर पहुंचेंगे, जिससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
इसे देखते हुए पुलिस ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया है। साथ ही शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। प्रमुख चौक-चौराहों, पुल-पुलियों, संकीर्ण मार्गों, शॉपिंग मॉल, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को डायवर्ट भी किया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह 10 बजे तक तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर 12:15 बजे तक शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचें और संभव हो तो शहर के बाहरी (बायपास) मार्गों का उपयोग करें। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन कर सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
