
बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दो पुराने निगरानी बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तोरवा निवासी हर्ष कुमार वाधवानी ने 13 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (सीजी 10 पी 8046) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदेही युवक चोरी की बाइक को मस्तूरी मार्ग की ओर ले जाते दिखाई दिया। हुलिए के आधार पर उसकी पहचान जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम अमोरा निवासी विनोद गोड (26) के रूप में हुई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इसी दौरान तोरवा पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दो आदतन चोर एवं निगरानी बदमाश शंकर गंगोत्री उर्फ दीपू (30) और निलेश सोनकर (24), दोनों निवासी देवरीखुर्द, के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
