

बिलासपुर। आम नागरिकों को त्वरित न्याय और पुलिस सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार को बिलासगुड़ी स्थित चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जिलेभर से आए फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। शिविर में प्राप्त 43 शिकायतों में से 41 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। शिकायतें मुख्य रूप से जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर ठगी, लेन-देन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों और महिला संबंधी प्रकरणों से जुड़ी थीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आठ मामलों में मौके पर ही एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थानावार प्राप्त शिकायतों में महिला थाना से सबसे अधिक 8 और कोतवाली थाना से 7 शिकायतें आईं। इसके अलावा सिरगिट्टी से 4, कोनी, रतनपुर और तोरवा से 3-3, जबकि सिविल लाइन, सरकंडा, तखतपुर, चकरभाठा, सीपत और मस्तूरी से 2-2 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिला स्तर पर शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें बार-बार थाने के चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, एसडीओपी कोटा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। शिविर में पहुंचे फरियादियों ने शिकायतों के त्वरित निराकरण पर बिलासपुर पुलिस की पहल की सराहना की।
