

बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर राहत पहुंचाने और बचाव कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने अत्याधुनिक बैटरी संचालित मोबाइल मल्टीपर्पस हाइड्रोलिक रेस्क्यू उपकरणों के संचालन का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया। प्रशिक्षण में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी तथा यातायात और हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित प्रशिक्षण में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीक सिखाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान बैटरी संचालित मोबाइल मल्टीपर्पस हाइड्रोलिक टूल्स, कटर मशीन, स्प्रेडर, रेस्क्यू रैम सेट, स्ट्रांग आर्म, ग्लास मैनेजमेंट उपकरण सहित अन्य आपातकालीन संसाधनों के संचालन और मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) की जानकारी दी गई। अधिकारियों और जवानों को इन उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि कई बार सड़क दुर्घटनाओं में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और चालक व यात्री वाहन के अंदर फंस जाते हैं। ऐसे मामलों में इन अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से वाहन को काटकर कम समय में घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। आवश्यकता पड़ने पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम इन उपकरणों के साथ तत्काल दुर्घटनास्थल पर पहुंचेगी।
बिलासपुर यातायात पुलिस ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ हाईवे पर 24×7 पेट्रोलिंग और इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम थाना को सूचना दें, ताकि राहत एवं बचाव दल समय पर पहुंचकर घायलों की जान बचा सके।
