
बिलासपुर। सीपत थाना पुलिस ने चाकूनुमा धारदार हथियार दिखाकर एक युवक से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकूनुमा हथियार भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मचखंडा निवासी शेख जानू (25) के खिलाफ ग्राम भिलमी निवासी रामकुमार बिजौरे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। प्रार्थी ने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे वह भिलमी स्थित शराब दुकान से लौट रहा था। इसी दौरान शेख जानू ने उसे रोककर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखे चाकूनुमा धारदार हथियार को लहराकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपी ने हथियार प्रार्थी के गले पर भी अड़ा दिया, जिससे उसके गले और हथेली पर चोट एवं खरोंच आई। शिकायत के आधार पर सीपत थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकूनुमा धारदार हथियार जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
