
बिलासपुर। तारबाहर बस्ती में मोहर्रम के दौरान एक बच्चे के साथ मारपीट का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोपी ने पहले युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, फिर लोहे की नुकीली वस्तु से उसके सिर पर हमला कर दिया। जान बचाकर भागने पर आरोपी चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तालापारा निवासी आदिल खान (24) गुरुवार रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों के साथ तारबाहर बस्ती में मोहर्रम का जुलूस देखने गया था। इसी दौरान भीड़ में मौजूद आदिल कुरैशी एक बच्चे की पिटाई कर रहा था। मार खाते हुए बच्चा आदिल खान के पास पहुंचा, जिसके बाद उसने आरोपी से बच्चे को पीटने का कारण पूछा।
इतनी सी बात पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए आदिल खान के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने लोहे की नुकीली वस्तु से आदिल के सिर के पीछे वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद जब आदिल जान बचाकर भागने लगा तो आरोपी चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों और आदिल के दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घटना के बाद घायल युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
