
बिलासपुर। कोटा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को ग्राम गनियारी निवासी राजू आदिवासी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल शराब भट्ठी के पास इमली के पेड़ के नीचे खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक-4 घुरू-अमेरी में दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी ओम प्रकाश यादव (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-4 घुरू, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक नंद कुमार यादव, अविनाश शर्मा और दीप सिंह कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
