
थाना सकरी क्षेत्र के ग्राम अमेरी में रास्ते में खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे एक युवक ने विवाद के दौरान चाकू से हमला कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम अमेरी निवासी सत्य प्रकाश सुनहरे रास्ते में खड़े होकर लोगों से अभद्रता कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रमेश गेंदले के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घरेलू उपयोग के चाकू से रमेश पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान आरोपी स्वयं भी गिरकर घायल हो गया।
सूचना मिलने पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि थाना लाने के बाद आरोपी असामान्य व्यवहार कर रहा था तथा पूछताछ के दौरान भी वह संतोषजनक और सामान्य जवाब नहीं दे रहा था। आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया है। मामले में थाना सकरी में अपराध क्रमांक 588/2026 के तहत धारा 108 एवं 296 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
