

बिलासपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश देना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

रक्तदान शिविर का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में रेडक्रॉस सोसायटी जिला अस्पताल बिलासपुर के सहयोग से किया गया। शिविर में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया तथा “नशों में एकता” और “रक्तदान महादान” का संदेश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनके जीवन की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।

शिविर में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बी.एल. गोयल, राजीव अवस्थी, सौरभ सक्सेना तथा अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक उमेश साहू, निरीक्षक भावेश शेंडे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, पुलिस विभाग एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी तथा एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
