

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नया एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में पढ़ाई और अनुशासन को लेकर सख्त नियम लागू किए गए हैं। अब प्रत्येक विषय में विद्यार्थियों की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्धारित उपस्थिति से कम रहने वाले छात्रों की जानकारी सीधे उनके अभिभावकों को दी जाएगी।
नए कैलेंडर के अनुसार कॉलेजों में नियमित कक्षाएं 1 जुलाई 2026 से शुरू होंगी। प्रत्येक पीरियड की अवधि एक घंटा निर्धारित की गई है और हर सेमेस्टर में न्यूनतम 90 शैक्षणिक दिवस सुनिश्चित करना होगा। किसी कारण से शैक्षणिक दिवस कम होने पर कॉलेजों को अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर इसकी भरपाई करनी होगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेज संचालन के लिए भी समय निर्धारित किया है। कॉलेज प्रतिदिन कम से कम सात घंटे संचालित होंगे। प्रथम पाली सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।
प्रवेश प्रक्रिया और इंडक्शन कार्यक्रम
स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया 15 जून से 31 जुलाई 2026 तक चलेगी। रिक्त सीटें होने पर कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिए जा सकेंगे। नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 20 से 31 जुलाई के बीच इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नवंबर और मई में होंगी परीक्षाएं
विषम सेमेस्टर (प्रथम, तृतीय, पंचम एवं सप्तम) की प्रायोगिक परीक्षाएं 9 से 21 नवंबर 2026 तक और मुख्य परीक्षाएं 30 नवंबर 2026 से आयोजित होंगी। वहीं सम सेमेस्टर (द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठम एवं अष्टम) की प्रायोगिक परीक्षाएं 12 से 24 अप्रैल 2027 तथा मुख्य परीक्षाएं 5 मई 2027 से शुरू होंगी।
आंतरिक मूल्यांकन के तहत पहला टेस्ट 8 से 12 सितंबर और दूसरा टेस्ट 13 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच होगा। असाइनमेंट और सेमिनार का मूल्यांकन 12 नवंबर तक पूरा करना होगा।
इंटर्नशिप और पीएचडी प्रवेश का कार्यक्रम तय
छठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए 4 से 15 जनवरी 2027 तक 10 कार्यदिवसों की इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है। पीएचडी प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना 31 जुलाई तक जारी होगी। प्रवेश परीक्षा 14 अगस्त, परिणाम 31 अगस्त तक और पूरी प्रवेश प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
अवकाश और अन्य गतिविधियां
दशहरा अवकाश 19 से 21 अक्टूबर, दीपावली अवकाश 7 से 11 नवंबर तथा शीतकालीन अवकाश 28 से 30 दिसंबर 2026 तक रहेगा। ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 15 जून 2027 तक घोषित किया गया है। खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां जुलाई के दूसरे सप्ताह से नवंबर के अंतिम सप्ताह तक संचालित होंगी। कॉलेजों का वार्षिकोत्सव जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा।
अटल यूनिवर्सिटी की तैयारी अधूरी
एक ओर उच्च शिक्षा विभाग ने 16 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं, वहीं दूसरी ओर अटल यूनिवर्सिटी में अभी तक प्रवेश संबंधी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। जबकि रविशंकर और सरगुजा विश्वविद्यालयों में आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। अटल यूनिवर्सिटी से संबद्ध कई कॉलेजों में अभी प्राचार्यों की नियुक्ति भी नहीं हुई है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना है।
