
बिलासपुर। जरहाभाठा मेन रोड स्थित साईं बाबा अस्पताल के पास कथित लव ट्रायंगल और आपसी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने दो युवकों की सरेराह पिटाई कर दी। घटना में दोनों युवकों को चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, उसलापुर आनंद नगर निवासी देवानंद साहू अपने साथी संगीत रजक के साथ नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय जा रहा था। इसी दौरान साईं बाबा अस्पताल के पास पहले से परिचित वाशु सूर्यवंशी, संजय यादव और उनके साथियों ने दोनों को रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने देवानंद से कहा कि वह एक युवती से बात करना बंद कर दे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने बेल्ट और शॉकर पाइप से देवानंद और संगीत की जमकर पिटाई कर दी।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस घटना को आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद से जोड़कर देख रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
