कैंसर से जिंदगी की जंग लड़ रही स्टेट लेवल क्रिकेटर प्रिया, मदद को बढ़े हाथ तो बच सकती है एक प्रतिभा

बिलासपुर। क्रिकेट मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली बिलासपुर की युवा खिलाड़ी प्रिया साव आज जिंदगी की सबसे कठिन लड़ाई लड़ रही हैं। राज्य स्तर पर क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाली 24 वर्षीय प्रिया साव ब्लड कैंसर (स्टेज-3) से पीड़ित हैं और वर्तमान में एम्स रायपुर में भर्ती हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

सकरी क्षेत्र के बंगालीपारा निवासी अक्षय साव की पुत्री प्रिया ने कम उम्र में ही क्रिकेट के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था। खेल के मैदान में संघर्ष और मेहनत से पहचान बनाने वाली यह खिलाड़ी आज अस्पताल के बिस्तर पर जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही है।

परिजनों के अनुसार प्रिया का इलाज लगातार जारी है, लेकिन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में होने वाला भारी खर्च अब परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर हो चुका है। लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।

परिवार ने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से मानवीय आधार पर सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि समय पर आर्थिक सहायता और बेहतर उपचार मिलने से प्रिया के स्वस्थ होने की उम्मीद बनी हुई है।

एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बचाने के लिए अब समाज के सहयोग की आवश्यकता है। यदि अधिक से अधिक लोग मदद के लिए आगे आते हैं, तो प्रिया की जिंदगी बचाने की इस लड़ाई में परिवार को बड़ी राहत मिल सकती है।

सहायता एवं संपर्क के लिए:
मोबाइल नंबर – 8269946090

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!