
तखतपुर। ग्राम खम्हरिया में एक बेकाबू ट्रेलर ने बिजली के खंभों को टक्कर मार दी, जिससे दैजा सबस्टेशन से जुड़े करीब 25 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हादसे में विद्युत विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीआर 9463 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बिजली के खंभों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक 33 केवी पोल, 11 केवी लाइन, दो ट्रांसफार्मर डीपी तथा एलटी पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रेलर सहित मौके से फरार हो गया।
दैजा वितरण केंद्र के अतिरिक्त प्रभार में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता कमलेश कुमार पटेल ने तखतपुर थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से विद्युत विभाग को लगभग 6 लाख 20 हजार 500 रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, 25 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 तथा छत्तीसगढ़ विद्युत अधिनियम की धारा 139 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ट्रेलर और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
