ECO Sunday Drive: बिलासपुर में जागरूक युवाओं  द्वारा चलाया जा रहा “पोस्टर कील मुक्त बिलासपुर” अभियान, आज भी पेड़ों से हटाए पोस्टर-बैनर

बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों को नुकसान से बचाने के उद्देश्य से शहर के जागरूक युवाओं द्वारा संचालित “पोस्टर कील मुक्त बिलासपुर” अभियान के तहत रविवार को नेहरू नगर चौक से मंगला चौक एवं नर्मदा नगर क्षेत्र तक विशेष सफाई और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पेड़ों पर लगाए गए पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स हटाए गए तथा उनमें ठोंकी गई कीलों को निकालकर पेड़ों को कील मुक्त किया गया।

अभियान से जुड़े युवाओं का कहना है कि कई संस्थाएं और व्यक्ति अपने प्रचार-प्रसार के लिए पेड़ों का उपयोग विज्ञापन माध्यम के रूप में करते हैं। वे पेड़ों पर कील ठोककर पोस्टर और फ्लेक्स लगा देते हैं, जिससे पेड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचता है। पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि पेड़ भी जीवित होते हैं और उनमें कील ठोकने से उनके विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

युवाओं ने बताया कि इसी उद्देश्य से शहर में प्रत्येक रविवार “ECO Sunday Drive” के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर पेड़ों से अवैध पोस्टर-बैनर हटाए जा रहे हैं। अभियान का लक्ष्य शहर के सभी पेड़ों को कीलों और अवैध प्रचार सामग्री से मुक्त करना तथा लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

रविवार को आयोजित अभियान में मनोज मिश्रा, अभिषेक शर्मा और अभिषेक ठाकुर सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे पेड़ों पर कील ठोककर किसी भी प्रकार के पोस्टर या बैनर न लगाएं और प्रकृति संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

अभियान का संदेश था— “पेड़ों में कील नहीं ठोकेंगे, प्रकृति का सम्मान करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!