
शनिवार को बिलासपुर में गर्मी और उमस से लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने जल्द राहत मिलने के संकेत दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां और अनुकूल हो सकती हैं।
रविवार को बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
पेंड्रारोड सबसे ठंडा, राजनांदगांव सबसे गर्म
प्रदेश में पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। वहीं राजनांदगांव 42 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
