बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं को टिकट संकट, आरक्षण केंद्र में हंगामा

बिलासपुर। सावन माह में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। ट्रेनों में सीटें फुल होने और लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रही है। इससे नाराज श्रद्धालुओं ने रेलवे आरक्षण केंद्र में हंगामा भी किया।

टिकट नहीं मिलने से श्रद्धालु परेशान

हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम जाने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन प्रमुख ट्रेनों में सीटें भर जाने और लंबी वेटिंग के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बीते दिनों कुदुदंड और सरकंडा क्षेत्र के 30 से अधिक कांवड़ यात्री बंगला यार्ड स्थित रेलवे आरक्षण कार्यालय पहुंचे। देर रात तक टिकट नहीं मिलने पर श्रद्धालु वहीं दरी बिछाकर बैठ गए और सुबह काउंटर खुलने का इंतजार करते रहे। सुबह आरक्षण शुरू होते ही यात्रियों ने साउथ बिहार एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में टिकट के लिए आवेदन किया, लेकिन कुछ ही टिकट जारी होने के बाद सभी श्रेणियों में वेटिंग शुरू हो गई। इससे नाराज यात्रियों ने आरक्षण केंद्र के सामने प्रदर्शन किया।

श्रद्धालुओं का कहना है कि हर साल बाबा धाम के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है, लेकिन इसकी घोषणा अंतिम समय में होती है। उन्होंने मांग की है कि यात्रा शुरू होने से पहले ही स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की जाए तथा वापसी के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी

बिलासपुर मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हर वर्ष विशेष ट्रेनें चलाई जाती हैं। सावन माह शुरू होने पर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाता है और आवश्यकता पड़ने पर उसके फेरे भी बढ़ाए जाते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाए जाने की संभावना है, हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!