तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से ढाबा कर्मी की मौत, अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ढाबे में काम करने वाला युवक काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, सकरी के सूर्यवंशी मोहल्ला निवासी रोहित सूर्यवंशी (19 वर्ष) नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे में कार्यरत था। काम की व्यस्तता के चलते वह अक्सर ढाबे पर ही रुक जाता था और कभी-कभार घर आता था। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे वह पैदल अपने घर के लिए निकला था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही रोहित पुराना बटालियन रोड बाइपास के पास पहुंचा, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क से कई फीट दूर जा गिरा और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!