आजाद हिंद एक्सप्रेस में यात्री को आया हार्ट अटैक, बिलासपुर में उतारकर अस्पताल भेजा गया

बिलासपुर। पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हार्ट अटैक आने के बाद यात्री बेहोश हो गए, जिन्हें बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर तत्काल ट्रेन से उतारकर अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के बंडामुंडा निवासी सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी पीएसएस स्वामी अपनी पत्नी, पुत्री और नाती के साथ पुणे से राउरकेला जा रहे थे। वे आजाद हिंद एक्सप्रेस के ए-1 कोच में सीट नंबर 37, 38 और 39 पर यात्रा कर रहे थे। बिलासपुर पहुंचने से पहले उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।

मंगलवार को करीब तीन घंटे की देरी से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची ट्रेन के दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान को यात्री की गंभीर स्थिति की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर नंद बहादुर, एसआई मनोज वस्त्रकार, एएसआई बीबी सिंह, रेलवे चिकित्सक, डिप्टी स्टेशन मास्टर और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

यात्री को ट्रेन में ही प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया गया तथा सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उन्हें होश नहीं आया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें व्यापार विहार स्थित एक निजी अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया गया कि पीएसएस स्वामी परिवार के साथ छुट्टियां मनाने मुंबई गए थे और वहां से वापस अपने गृह नगर लौट रहे थे। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्री के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!