कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश के आसार

बिलासपुर। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 11 जून से प्रदेशभर में मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग रायपुर द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में इसके प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। वर्तमान में मानसून मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच चुका है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि पंजाब से बिहार तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे वर्षा के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!