

बिलासपुर। अधिवक्ता एवं जिम संचालक निखिल गोस्वामी की हत्या के पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गोस्वामी समाज में भारी नाराजगी है। बुधवार को समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी समेत सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि कोटा क्षेत्र के पथर्रा निवासी निखिल गोस्वामी की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई, लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे समाज के लोगों में असुरक्षा और रोष का माहौल है। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

गौरतलब है कि पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर हत्या की वजह आरोपी की पत्नी के साथ कथित संबंधों का शक और पुरानी रंजिश सामने आई है। जानकारी के अनुसार निखिल गोस्वामी वकालत के साथ जिम संचालन और बार में बाउंसर उपलब्ध कराने का कार्य भी करते थे। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी के खिलाफ दर्ज कई मामलों की पैरवी भी निखिल ही कर रहे थे, जिसके चलते दोनों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार वारदात वाले दिन आरोपियों ने निखिल का पीछा किया और सुनसान स्थान पर रोककर उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका। इसके बाद लाठियों से हमला कर सड़क किनारे पड़े पत्थर से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई।

मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी हत्या, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कई प्रकरण वर्तमान में भी न्यायालय में लंबित हैं।
घटना के बाद से पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, गोस्वामी समाज ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर दंड दिलाने की मांग की है।
