बिलासपुर पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर प्रहार, दो आरोपियों से 18.96 लीटर शराब जब्त

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 18.96 लीटर अवैध शराब जब्त की है।

पहली कार्रवाई बिल्हा थाना पुलिस ने की। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखबिर की सूचना पर संवरापारा बिल्हा निवासी बलराम संवरा (26 वर्ष) के घर में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान एक टीन की पेटी में रखी 72 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसमें 24 पाव देशी मसाला और 48 पाव देशी प्लेन शराब शामिल थी। कुल 12.960 लीटर शराब की कीमत करीब 6,240 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

वहीं मस्तुरी थाना पुलिस ने ग्राम आंकडीह में कार्रवाई करते हुए संजय कुमार लहरे (35 वर्ष) को अवैध कच्ची महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!