ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही थी खेप

रायगढ़, 5 जून। रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा, दो लग्जरी कारों और मोबाइल फोन समेत कुल लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में गांजा की बड़ी खेप भेजे जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी की।

कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। जांच में इनोवा वाहन पर दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे पुलिस का संदेह और बढ़ गया। इसके बाद दोनों वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल करीब 300 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं, भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में निखिल कश्यप (23 वर्ष), रिंकु कश्यप (28 वर्ष) और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीम मध्यप्रदेश और सरगुजा क्षेत्र रवाना की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!