

रायपुर। राशनकार्ड बनवाने या उसमें परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने और हटाने के लिए अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार ने राशनकार्ड से संबंधित सभी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। अब नए राशनकार्ड के आवेदन से लेकर संशोधन तक की प्रक्रिया ‘सेवा-सेतु’ पोर्टल के माध्यम से पूरी की जा सकेगी।
छत्तीसगढ़ इंफोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) द्वारा शुरू की गई इस सुविधा के तहत नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। जिन लोगों के पास ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे लोक सेवा केंद्र, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में जाकर भी आवेदन कर सकेंगे।
अब तक राशनकार्ड से जुड़े अधिकांश आवेदन ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत किए जाते थे, जिससे लोगों को कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद आवेदन प्रक्रिया सरल होने के साथ-साथ आवेदक अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- परिवार के मुखिया एवं सभी सदस्यों का आधार कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र (बिजली बिल, मतदाता पहचान पत्र या सरपंच/पार्षद का प्रमाण पत्र)
- मुखिया के बैंक खाते का विवरण
- मोबाइल नंबर
- पासपोर्ट साइज फोटो
पात्रता के अनुसार मिलेगा राशनकार्ड
- अत्यंत गरीब परिवार, विशेष पिछड़ी जनजातियां, भूमिहीन मजदूर, विधवा एवं अनाथ बच्चों को अंत्योदय कार्ड
- बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता कार्ड
- बेसहारा वृद्ध, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को निराश्रित कार्ड
- दिव्यांगजनों को निशक्तजन कार्ड
- अन्य पात्र परिवारों को एपीएल कार्ड जारी किया जाएगा।
30 दिन में होगा निराकरण
राशनकार्ड से जुड़े मामलों के निपटारे की समय सीमा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 30 दिन निर्धारित की गई है। आवेदन प्राप्त होने के बाद नगरीय क्षेत्रों में संबंधित अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत स्तर पर पात्रता की जांच कर निर्धारित अवधि के भीतर निर्णय लिया जाएगा।
दो स्तर पर होगी जांच
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए आवेदन की दो चरणों में जांच की जाएगी। पहले सत्यापन अधिकारी दस्तावेजों और पात्रता की जांच करेगा, इसके बाद स्वीकृतकर्ता अधिकारी पुनः परीक्षण कर अंतिम निर्णय लेगा।
स्वीकृति के बाद डाउनलोड कर सकेंगे कार्ड
राशनकार्ड स्वीकृत होने पर उसकी पीडीएफ प्रति सेवा-सेतु पोर्टल पर उपलब्ध होगी। हितग्राही इसे घर बैठे डाउनलोड कर सकेंगे या लोक सेवा केंद्र से प्रिंट भी निकलवा सकेंगे।
प्रदेश में राशनकार्डों की स्थिति
श्रेणी संख्या अंत्योदय 15,67,194 प्राथमिकता 58,14,242 निराश्रित 29,605 निशक्तजन 17,794 एपीएल 8,49,134 कुल82,77,969
नई ऑनलाइन व्यवस्था से राशनकार्ड से जुड़ी सेवाएं अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होने की उम्मीद है। इससे नागरिकों को राहत मिलेगी और सरकारी कार्यालयों पर भी काम का दबाव कम होगा।
