नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में राजस्व लिपिकों की प्रदेशव्यापी हड़ताल, राजस्व कार्य होंगे प्रभावित

बिलासपुर/सरगुजा, 2 जून। उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट (जिला सरगुजा) में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ शासकीय कर्तव्य के दौरान हुई मारपीट एवं अभद्रता की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश राजस्व लिपिकीय संघ ने प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश एवं कलमबंद आंदोलन का आह्वान किया है।

संघ के प्रांतीय निर्णय के अनुरूप जिले के कलेक्टर कार्यालय, तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालयों में कार्यरत सभी राजस्व लिपिकीय कर्मचारी मंगलवार 2 जून को सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर रहेंगे। इसके चलते राजस्व विभाग से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

जिला अध्यक्ष एस. ए. रिजवी ने बताया कि नायब तहसीलदार के साथ हुई घटना प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने जिले के सभी राजस्व कर्मचारियों से आंदोलन में सहभागी बनकर घटना का पुरजोर विरोध करने की अपील की है।

राजस्व लिपिकीय संघ का कहना है कि शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं अस्वीकार्य हैं तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। आंदोलन के माध्यम से संघ ने प्रशासन से कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!