

रायगढ़, 1 जून। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल फाइनल मैच GT बनाम RCB पर सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ लोग आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गंज बाजार निवासी गगन अग्रवाल (28) और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30) को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट का संचालन किया जा रहा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पर दबिश दी। पुलिस को देखकर साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, लेकिन वहां से दो बैग और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई। तलाशी के दौरान बैगों से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद मिले। पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
जांच में सामने आया कि बरामद नकदी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित है। पुलिस ने नकदी सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली है। मामले में गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। मार्च 2026 में उसके खिलाफ ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं फरार आरोपियों साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
