तारबाहर उपचुनाव आज, 5,255 मतदाता चुनेंगे नया पार्षद; तीन पंचायतों में भी मतदान

बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) में पार्षद पद के लिए सोमवार को मतदान होगा। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाले उपचुनाव के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वार्ड के कुल 5,255 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए पार्षद का चयन करेंगे।

मतदान के लिए कुल 8 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 6 केंद्र स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल तथा 2 केंद्र प्राथमिक शाला घोड़ादाना में स्थापित किए गए हैं। मतदाता सूची के अनुसार वार्ड में 2,549 पुरुष, 2,705 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। महिला मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण उनकी भूमिका चुनाव परिणाम में अहम मानी जा रही है।

उपचुनाव में कांग्रेस ने दिवंगत पूर्व पार्षद शेख असलम के पुत्र मोहम्मद आजम को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने वी. मधुसूदन राव पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है, जबकि आम आदमी पार्टी की ओर से साहिल खान चुनाव मैदान में हैं।

इधर, पंचायत चुनावों के तहत जिले के केवटाडीह ग्राम पंचायत में सरपंच निर्विरोध चुना गया है, जबकि मानिकपुर में सरपंच पद के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। पंच पद के 16 रिक्त पदों में से 13 पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष पदों के लिए सोमवार को मस्तूरी विकासखंड के गतौरा, गीधपुरी और मई ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा।

उपचुनाव से पहले शराब जब्ती पर उठे सवाल

तारबाहर क्षेत्र में उपचुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से शराब वितरण की आशंका के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सेंट्रो कार से देसी शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पुराने बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर वाहन से 35 पाव देसी शराब बरामद की गई और इंदिरा कॉलोनी निवासी सफी कुरैशी (33) तथा शेख अकबर (30) को गिरफ्तार किया गया।

हालांकि, मामले में जब्त शराब की मात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि वाहन से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई थी, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में कम मात्रा दर्शाई गई है। वहीं कुछ लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया था, जबकि प्रकरण में केवल दो आरोपियों को ही दर्शाया गया।

इन आरोपों पर एएसपी सिटी पंकज कुमार पटेल ने कहा कि वाहन से जितनी शराब बरामद हुई थी, उतनी ही मात्रा जब्ती पंचनामे में दर्ज की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में कोई तीसरा आरोपी नहीं था और गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जब्त वाहन के संबंध में अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!