

बिलासपुर। शनिवार शाम आई आंधी और बारिश के बाद नर्मदा नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो जाने से रविवार सुबह पेयजल संकट उत्पन्न हो गया। बिजली बाधित रहने के कारण नगर निगम की पानी टंकी नहीं भर सकी, जिससे क्षेत्रवासियों को पानी की परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए नगर निगम के जल विभाग ने आपात व्यवस्था के तहत दो पानी के टैंकर भेजकर लोगों को राहत पहुंचाई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद पंप चालू किए गए और क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति शुरू हो सकी। वहीं जूना बिलासपुर क्षेत्र में एक बोरवेल खराब हो जाने से भी जलापूर्ति प्रभावित हुई। इसके विकल्प के रूप में नया बोरवेल कराया गया, लेकिन उसमें से गंदा पानी निकलने के कारण उसे फिलहाल बंद कर दिया गया है।
इधर, सरकंडा के वार्ड क्रमांक-62 में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले 17 दिनों से नलों में पहले 15 मिनट तक मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
जल विभाग के प्रभारी अनुपम तिवारी ने बताया कि शनिवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण नर्मदा नगर में पानी के टैंकर भेजे गए थे ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकंडा क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है और शेष समस्याओं का भी जल्द समाधान कर लिया जाएगा।
