

जांजगीर-चांपा। बलौदा पुलिस ने खड़ी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 175 लीटर चोरी का डीजल, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, दो जेरिकेन सहित कुल 13.17 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार खिसोरा निवासी प्रकाश कुमार राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका हाइवा वाहन नवागांव घाट से हरदीबाजार जा रहा था। 31 मई की रात चालक बीकेश चौहान ने भारतमाला रोड स्थित खिसोरा-उमरेली तालाब के पास वाहन खड़ा किया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक पहुंचे और हाइवा की डीजल टंकी का ताला तोड़कर डीजल निकालने लगे। चालक के जागने और शोर मचाने पर आरोपी डीजल लेकर मौके से फरार हो गए। जांच में हाइवा से करीब 175 लीटर डीजल चोरी होना पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने डीजल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में तेजू पनिका (31) निवासी जमगहना थाना पटना जिला कोरिया, दिनेश कुमार केंवट (22) निवासी रसौटा थाना बलौदा तथा मनोज कुमार मिरी (37) निवासी कोरबी थाना बलौदा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 175 लीटर डीजल, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो जेरिकेन, लोहे की रॉड और पेचकस बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रात के समय सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाकर टंकी का ताला तोड़ते थे और डीजल चोरी कर फरार हो जाते थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
