
बिलासपुर। जीपीएम जिले के सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में कांग्रेस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग उठाई है। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव रविवार को पार्टी नेताओं के साथ मृतक के निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संतोष देवांगन को ज्ञापन सौंपकर हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। हत्या, डकैती, चोरी, मारपीट और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है। साथ ही नशे के अवैध कारोबार के फैलने पर भी चिंता जताई।
विधायक श्रीवास्तव ने प्रदीप सोनी हत्याकांड की निष्पक्ष और प्रभावी जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानु, पूर्व विधायक डॉ. केके ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, गुलाब राज, बलबीर सिंह, अमोल पाठक, तेज राजपूत, राजेश यादव, रवि राय सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
