

-जिला पंचायत सीईओ ने सौंपी ट्राईसाइकिल, हितग्राही ने शासन-प्रशासन के प्रति व्यक्त किया आभार
संवाददाता/ सौरभ साहू
जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़,
सूरजपुर दिनांक 26 मई 2026 सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का त्वरित लाभ पहुंचाने की दिशा में निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, विजेंद्र सिंह पाटले द्वारा अस्थि बाधित दिव्यांग श्री अमरसाय निवासी ग्राम नमना, प्रेमनगर को बैटरी चलित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ट्राईसाइकिल मिलते ही हितग्राही के चेहरे पर खुशी की चमक स्पष्ट दिखाई दी, जो शासन की संवेदनशील पहल का जीवंत प्रमाण बनी।
बैटरी चलित ट्राईसाइकिल प्राप्त कर हितग्राही, अमरसाय ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उन्हें अपने कार्यस्थल पर आने-जाने में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा वे आत्मनिर्भर होकर अपने दैनिक कार्यों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह ट्राईसाइकिल उनके जीवन में एक नई गति एवं नई उम्मीद लेकर आई है, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार 2026 (1 मई से 10 जून 2026) के अंतर्गत जिला प्रशासन सूरजपुर द्वारा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण एवं पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने का अभियान सतत रूप से जारी है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, ट्राईसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण , आलोक भवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विजेंद्र सिंह पाटले ने हितग्राही को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचें, यही सुशासन की वास्तविक परिभाषा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए तथा उन्हें योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराया जाए।
