

खड़गवां/सूरजपुर। चौकी खड़गवां क्षेत्र के बाजार मैदान में पुलिस प्रशासन द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह, डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा तथा एसडीएम प्रतापपुर श्रीमती ललिता भगत ने आमजन को नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों के पालन, साइबर ठगी से बचाव तथा नए आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अंतरजिला फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता ग्राम खड़गवां की टीम के कप्तान विजय रजवाड़े तथा उपविजेता ग्राम चौरा (थाना राजपुर, जिला बलरामपुर) के कप्तान संजीत पैकरा को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की त्वरित सहायता कर मानवता का परिचय देने वाले ग्राम केरता के भरत देवांगन तथा ग्राम खड़गवां के राधे यादव एवं रामबिलास गोंड़ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस की बीट प्रणाली की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। ग्राम पंचायत खड़गवां में बीट संबंधी सूचना चस्पा कर लोगों को इसके लाभ एवं पुलिस से त्वरित संपर्क की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बीडीसी सुरेश चक्रधारी, पूर्व अध्यक्ष शक्कर कारखाना केरता विद्यासागर आयाम, सरपंच अजय सांडिल्य, सरपंच जलजीत सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्वजीत सोनी, एसडीओपी अनूप एक्का, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं लगभग 300 ग्रामीण उपस्थित रहे।
