

संवाददाता/सौरभ साहू
दिनांक 09/07/2026,
लोकेशन, प्रतापपुर जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़।।
सूरजपुर/प्रतापपुर, दिनांक 08 जुलाई 2026 को जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मेंढक और मेंढकी का विवाह संपन्न कराया। लगातार बारिश में हो रही देरी और किसानों की बढ़ती चिंता के बीच आयोजित इस अनोखे आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ बारात निकाली गई। ग्रामीणों ने नाच-गाकर पूरे उत्साह के साथ विवाह समारोह में भाग लिया। इसके बाद पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मेंढक-मेंढकी का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह के बाद ग्रामीणों ने इंद्रदेव से क्षेत्र में अच्छी वर्षा और किसानों की खुशहाली की प्रार्थना की।

ग्रामीणों का कहना है कि यह वर्षों पुरानी लोक परंपरा है। मान्यता है कि जब वर्षा में विलंब होता है, तब मेंढक-मेंढकी का विवाह कराने से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और अच्छी बारिश होती है। इसी विश्वास के साथ हर वर्ष या आवश्यकता पड़ने पर इस परंपरा का पालन किया जाता है। क्षेत्र में समय पर पर्याप्त वर्षा नहीं होने से धान की बुवाई और अन्य खरीफ फसलों पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसानों और ग्रामीणों ने प्रकृति से अच्छी बारिश की प्रार्थना करते हुए इस पारंपरिक आयोजन का सहारा लिया। यह अनोखा विवाह समारोह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुख-समृद्धि, बेहतर मानसून और अच्छी फसल की कामना की।।
