ढाबे में मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे में युवकों के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, तारबाहर चौक शीतला मंदिर के पास निवासी हर्ष पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 मई की रात वह अपने साथी आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ भवानी ढाबा खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद लौटने के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने आदित्य साहू से बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी सुमीत यादव अपने 6-7 साथियों के साथ मिलकर डंडे, पाइप और पत्थर से हमला करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन भी पटककर तोड़ दिया गया।

मामले की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 324(4) बीएनएस तथा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमीत यादव (23) निवासी अशोक नगर बहतराई को ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद होने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वहीं, ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी तथा कार्रवाई में व्यवधान डालने वाले उमेश शर्मा और निशान गुप्ता के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!