

बिलासपुर। श्री राम न्यू क्लाथ मार्केट, अग्रसेन चौक में एक दिवसीय निःशुल्क लीवर जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के प्रमुख संजय मतलानी के नेतृत्व में किया गया।

यह शिविर ग्लोबल गैस्ट्रो व लीवर केयर के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. समर्थ शर्मा (पूर्व सलाहकार, सर गंगाराम हॉस्पिटल नई दिल्ली) के सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक महंगी लीवर जांच सुविधाएं पहुंचाना था, ताकि वे समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार शुरू कर सकें।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लोग सामने आए जिनमें फैटी लीवर और लीवर कठोर होने जैसी समस्याओं के संकेत मिले। डॉक्टरों ने उन्हें समय पर इलाज शुरू करने की सलाह दी। डॉ. समर्थ शर्मा ने जांच कराने पहुंचे सभी लोगों को निःशुल्क ओपीडी कार्ड भी उपलब्ध कराया, जिससे भविष्य में परामर्श लेने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डॉ. शर्मा ने कहा कि आगे भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। वहीं, कपड़ा व्यवसायी अमर बजाज ने कहा कि लीवर शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है और इसकी समय-समय पर जांच जरूरी है। ऐसे शिविर लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ रायपुर की ऋषिकुल फाउंडेशन से आचार्य ऋषि ने भी लोगों को लीवर संबंधी बीमारियों, खान-पान की आदतों और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में थोक कपड़ा एवं होजियरी व्यापारी संघ तथा श्री राम न्यू क्लाथ मार्केट के पदाधिकारियों ने डॉ. समर्थ शर्मा के सेवा कार्य की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
शिविर में विशेष सहयोग रायपुर से आचार्य ऋषि, आकाश मोदी, लीना ठाकुर तथा बिलासपुर की जज़्बा टीम से आकाश यादव, नितीश सांडे, एलेन खूंटे, हरिश साहू, आशीष जांगड़े, तरुण चंद्रा और निधि निराला सहित अन्य सहयोगियों का रहा।
उल्लेखनीय है कि जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा समय-समय पर रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है।
