
शशि मिश्रा

बिलासपुर । संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में रायपुर से कटनी होकर प्रयागराज तक जाने वाले एक व्यक्ति के पास से जीआरपी की टीम ने चार लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। आरोपी के पास से गांजा जब्त करने के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार हो रही सख्त कार्रवाई के बाद तस्करों ने अब ट्रेनों को अपना ठिकाना बना लिया है। यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर मादक पदार्थों की खेप एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसके तहत जीआरपी की टीम ने संपर्कक्रांति एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई करते हुए बैग में छिपाकर ले जा रहे 41 किलो गांजा को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार
जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्ग से उसलापुर होकर निजामुद्दीन की ओर जाने वाली संपर्कक्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक यात्री के पास गांजा रखा हुआ है। विशेष अभियान के
तहत ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी की टीम ने घेराबंदी करते हुए जनरल कोच में बैठे यात्री को पकड़कर पूछताछ की। गाजियाबाद निवासी अमर मिश्रा 25 साल के पास से करीब 41 किलो गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा को ओडिशा से रायपुर और रायपुर से कटनी के बाद प्रयागराज लेकर जा रहा था। जीआरपी की टीम ने गांजा जब्त करने के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत कार्रवाई की है।
