

बिलासपुर जिले में चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा” और “प्रहार” अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सीपत थाना पुलिस ने ग्राम धौराकोना में रेड कार्रवाई कर मंजय धनवार और होरीलाल धनवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 6300 रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं तखतपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बेलसरी नाका चौक के पास कार्रवाई करते हुए रवि बर्मन को गिरफ्तार किया। आरोपी नीले रंग की होंडा साइन बाइक में शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 नग देशी प्लेन शराब, कुल 5.760 लीटर शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत 32,560 रुपए आंकी गई है।

इधर कोटा थाना पुलिस ने ग्राम लमकेना में छापेमारी कर परस राम खांडे को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 प्लास्टिक पॉलीथिन में भरी कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध नशे और शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी है।
