

थाना पुलिस ने बीट सिस्टम की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पुलिस बनकर ट्रक चालक को धमकाने और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ट्रक चालक को झूठे केस में जेल भेजने की धमकी देकर 8 हजार रुपए वसूले थे और ट्रक से तंबाखू की बोरियां लूट ली थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 बोरी तंबाखू तथा घटना में प्रयुक्त कार और ब्रेजा वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 140(3), 308(5) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ साहू (24) निवासी छतौना थाना चकरभाठा, नारायण साहू (34) निवासी नयापारा सिरगिट्टी, ईस्माईल खान (31) निवासी मुंडा थाना कोटा तथा आनंद साहू उर्फ विक्रांत साहू (22) निवासी मुंडा थाना कोटा शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र जायसवाल 5 मई को ट्रक क्रमांक CG 04 MP 4666 में 210 बोरी गेहूं और 25 बोरी तंबाखू लेकर शहडोल से बिलासपुर आ रहा था। रास्ते में हांफा के पास हाईवे स्थित ढाबे के समीप वाहन खराब होने पर ट्रक खड़ा किया गया था। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे कार क्रमांक CG 10 BD 7204 में पहुंचे कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और ट्रक से 9 बोरी तंबाखू उतरवा ली।
आरोपियों ने चालक को जबरन कार में बैठाकर झूठे मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी। बाद में चालक को छोड़ने के नाम पर ट्रक मालिक से फोन पर संपर्क कर च्वाइस सेंटर के माध्यम से 8 हजार रुपए भी वसूल लिए गए।
पीड़ित की शिकायत पर सकरी थाना में मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच और बीट सिस्टम से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके कब्जे से लूटी गई 9 बोरी तंबाखू और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
