
यूनुस मेमन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ संभाग बिलासपुर ने वन कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द निराकरण की मांग की है। संघ ने आरोप लगाया है कि विभाग में स्थानांतरण नीति के विपरीत कार्य आबंटन एवं अन्य कारणों के नाम पर नियम विरुद्ध स्थानांतरण किए जा रहे हैं।
संघ द्वारा सौंपे गए प्रतिवेदन में कहा गया है कि शासन एवं विभागीय निर्देशों के बावजूद वनक्षेत्रपाल से लेकर वनरक्षक तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण प्रतिबंधित अवधि में किए जा रहे हैं, जिस पर सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भी असहमति व्यक्त की जा चुकी है। इसके बावजूद अधीनस्थ कार्यालयों द्वारा नियमों के विरुद्ध आदेश जारी किए जा रहे हैं।
संघ ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में आयोजित परामर्शदात्री बैठकों एवं मौखिक चर्चाओं में कई बार समस्याएं उठाई गईं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की सार्थक कार्यवाही नहीं की गई है। इसे लेकर संघ ने कड़ी नाराजगी जताई है।

वन कर्मचारी संघ ने मांग की है कि विभाग द्वारा जारी सभी नियम विरुद्ध स्थानांतरण आदेश तत्काल निरस्त किए जाएं तथा कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर उचित कार्यवाही नहीं की गई तो बिलासपुर वृत्त के समस्त वन कर्मचारी एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन करेंगे। साथ ही समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की बात भी कही गई है, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
