

बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित हेरोइन तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब और छत्तीसगढ़ के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 97.63 ग्राम हेरोइन, एक अल्टो कार, स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 5.38 लाख रुपये आंकी गई है।

मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार क्रमांक सीजी 22 एबी 5247 में सवार कुछ लोग हेरोइन की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन की जांच की।
तलाशी के दौरान कार में मौजूद पांच संदिग्धों से पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कार में रखे बैग की तलाशी लेने पर एक बोतल में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ। आरोपियों के पास इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।

गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के अमृतसर निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह के साथ मुंगेली जिले के शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पंजाब से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्धों और नशा तस्करों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
