फर्जी हमशक्ल खड़ा कर जमीन की रजिस्ट्री, रिटायर्ड लोको पायलट से ठगी, FIR दर्ज


बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा जिंदा व्यक्ति का फर्जी हमशक्ल खड़ा कर जमीन की रजिस्ट्री कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने रेलवे से रिटायर्ड लोको पायलट की जमीन फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच दी। मामले का खुलासा राजस्व रिकॉर्ड की जांच में हुआ, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बत्राकडीह निवासी 74 वर्षीय कलीराम सतनामी रेलवे में लोको पायलट पद से रिटायर हुए हैं। मौजा सिरगिट्टी के खसरा नंबर 137/8 में उनके नाम पर 12 डिसमिल जमीन दर्ज है। हाल ही में रिकॉर्ड देखने पर उन्हें पता चला कि उनकी जमीन का रकबा घटकर 9 डिसमिल रह गया है। इसके बाद उन्होंने रकबा सुधार के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया।
पटवारी जांच के दौरान खुलासा हुआ कि वर्ष 2023-24 में कलीराम सतनामी के नाम से 3 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री धसरी लक्ष्मी के नाम पर कर दी गई है। मामले की जानकारी मिलने पर जब पीड़ित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे, तब पूरी साजिश सामने आई।
आरोप है कि दीपक मिश्रा और रमेश कुमार पांडेय ने मिलकर कलीराम सतनामी के नाम पर किसी दूसरे व्यक्ति को खड़ा किया, फर्जी दस्तावेज तैयार किए और मात्र 65 हजार 500 रुपए में जमीन की रजिस्ट्री करा दी।
पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने आरोपी दीपक मिश्रा और रमेश कुमार पांडेय के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!