
बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि मोटर पंप चालू करने की बात पर पड़ोसी ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर एक ऑटो चालक के घर में घुसकर कुल्हाड़ी और गमले से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार महिमा नगर निवासी शज्जाद अली ऑटो चालक है। बताया जा रहा है कि 7 मई की रात वह ऑटो चलाकर घर लौटा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण मोटर पंप अपने आप चालू हो गया। अगले दिन सुबह जब शज्जाद पानी भरने पहुंचा, तब पड़ोसी कुनाल मानिकपुरी और उसके रिश्तेदार ने रात में बोर चालू कर पानी भरने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
शज्जाद ने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि उसने मोटर पंप चालू नहीं किया था। इसके बाद कुछ देर के लिए मामला शांत हो गया। लेकिन आरोप है कि बाद में इसी विवाद को लेकर कुनाल मानिकपुरी उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी और गमले से हमला कर दिया, जिससे शज्जाद गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल शज्जाद अली ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की थी, जबकि यह पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
