तकिये को चादर से ढंककर घरवालों को दिया धोखा, 13 वर्षीय बालक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर दी जान


बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय बच्चे द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। बच्चे ने पहले अपने बिस्तर पर तकिया रखकर उसे चादर से ढंक दिया, ताकि परिजनों को लगे कि वह कमरे में सो रहा है। इसके बाद वह स्कूटी लेकर घर से निकला और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर मालगाड़ी के सामने कूद गया। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार निपनिया बिल्हा मोड़ निवासी अयान मोहम्मद (13) मंगलवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। परिजनों ने बताया कि रात करीब 10 बजे तक वह पूरी तरह सामान्य और खुश नजर आ रहा था। देर रात उसने चुपचाप घर से निकलने की योजना बनाई। उसने बिस्तर पर तकिया रखकर उसे चादर से ढंक दिया, जिससे घरवालों को भ्रम हो कि वह सो रहा है। इतना ही नहीं, घर के मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर उसकी चाबी आंगन में फेंक दी।


घटना मंगलवार देर रात करीब 2:45 बजे की बताई जा रही है। बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने चकरभाठा स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि एक बच्चा ट्रेन के सामने कूद गया है। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई। सुबह परिजन घटनास्थल पहुंचे और मृतक की पहचान अयान मोहम्मद के रूप में की गई।
परिजनों के अनुसार सुबह जब वे उठे तो अयान कमरे में नहीं मिला। खोजबीन के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर देखकर उन्हें घटना की जानकारी हुई। अयान अपने परिवार में जुड़वा भाई था और उसके पिता पेशे से ड्राइवर हैं।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!