

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। जिले की सकरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लूडो गेम और आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

थाना सकरी में दर्ज अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस को यह सफलता बीट सिस्टम और एसीसीयू टीम की तकनीकी सहायता से मिली। 29 अप्रैल 2026 को ओम स्पेस कॉलोनी, सकरी में दबिश देकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया गया। जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना राहुल छाबड़ा अन्य राज्यों से संपर्क स्थापित कर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में भी सट्टा संबंधित मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल छाबड़ा (30 वर्ष), ओमप्रकाश नागवानी (21 वर्ष), आशीष सोमानी (37 वर्ष), कैलास चावला (26 वर्ष), विजय नागवानी (42 वर्ष) और दिनेश लालवानी (19 वर्ष) शामिल हैं, जो छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 बैंक पासबुक तथा एक क्रेटा कार (एमपी 18 जेडबी 8565) जब्त की है। जब्त मोबाइल फोन के विश्लेषण में 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टा लेनदेन के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर रही है और अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क के सदस्यों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई को जिले में चलाए जा रहे सट्टा विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
