
बिलासपुर की एमबीए छात्रा के साथ भुवनेश्वर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहां आरोपी डिलीवरी के बहाने कमरे में घुस आया और छात्रा को अपने हवस का शिकार बनाया। पीड़ित छात्रा बिलासपुर की रहने वाली है, जो भुवनेश्वर के निजी कॉलेज से एमबीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना 24 अप्रैल की है।
आरोपी की पहचान 67 वर्षीय दीपक प्रधान के रूप में हुई है जो एक स्थानीय दुकानदार है। बताया जा रहा है कि वह सामान की डिलीवरी के बहाने लड़की के हॉस्टल में दाखिल हुआ था, जहां वह छात्रा के कमरे तक पहुंच गया और फिर छात्रा को अकेली देखकर उसकी नियत बिगड़ गई और उसने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में इसकी शिकायत की । इंफो वैली पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना ने हॉस्टल के भीतर भी छात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए हैं कि आखिर कैसे किसी महिला हॉस्टल में कोई पुरुष इतनी आसानी से प्रवेश कर सकता है और सिक्योरिटी गार्ड के होने के बावजूद वह किसी लड़की के साथ रेप कर सकता है। हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा में हुई लापरवाही की भी पुलिस जांच कर रही है।
