नाली में पेशाब करने को लेकर हुए विवाद में 10 आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज


बिलासपुर, 28 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां नाली में पेशाब करने की बात को लेकर हुए झगड़े में एक युवक सहित कई लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों की पहचान की है, जिनमें 3 वयस्क और 7 अपचारी बालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 25 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 12 बजे प्रभात चौक, चिंगराजपारा में हुई। प्रार्थी सनत सारथी ने शिकायत दर्ज कराई कि भोजन के बाद टहलते समय विक्की अहिरवार और उसके साथियों ने नाली में पेशाब करने की बात को लेकर विवाद शुरू किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों तथा चाकू से हमला कर दिया।


इस हमले में सनत सारथी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी को भी आरोपियों ने निशाना बनाया, जिससे वे भी घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें करीब 15 युवक मुंह ढांककर मारपीट करते दिखाई दिए।
जांच के दौरान 10 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया (22 वर्ष), दीपक निषाद उर्फ बुटु (21 वर्ष) और दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान (19 वर्ष) शामिल हैं, जबकि 7 अन्य आरोपी अपचारी बालक हैं। पुलिस ने तीनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडे भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है, वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!