सीसीटीवी की मदद से मिला खोया बैग, तीन लाख के जेवरात सुरक्षित लौटाए


बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने ईमानदारी और सतर्कता का परिचय देते हुए करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कपड़ों से भरा बैग उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित लौटाया। यह घटना 21 अप्रैल 2026 की देर रात की है, जब एक युवक बस से उतरने के बाद अपना बैग शिवघाट के पास भूल गया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड के पलामू जिले के हैदर नगर निवासी 27 वर्षीय शेख आलमगीर अपने ससुराल बिलासपुर आया हुआ था। 21 अप्रैल की रात लगभग 1:30 बजे वह बस से उतरने के बाद अनजाने में अपना बैग शिवघाट के पास ही छोड़कर चला गया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े रखे हुए थे।
इसी दौरान रात्रि गश्त कर रही सरकंडा पुलिस को बैग मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित थाना में जमा किया और उसके मालिक की तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद बैग स्वामी की पहचान शेख आलमगीर के रूप में की गई।
पुलिस ने युवक को थाना बुलाकर बैग में लगे ताले को खुलवाया, जिसमें लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान सुरक्षित पाया गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर शेख आलमगीर ने बिलासपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई से पुलिस की सजगता और जिम्मेदारी का एक सकारात्मक उदाहरण सामने आया है, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!