
बिलासपुर। शहर में बढ़ते ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना चकरभाठा पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 24 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नयापारा चौक के पास छापेमारी की। इस दौरान आरोपी दिनेश पंजवानी (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08 चकरभाठा, अपनी एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक MH 36 T 6207) पर बैठकर मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी “क्रोमा गेट आईडी” एप के जरिए सट्टा संचालित कर रहा था और प्राप्त रकम को ऑनलाइन माध्यम से अपने साथी अज्जू भकतानी तथा एक अन्य सहयोगी को भेजता था। साथ ही ग्राहकों के लेन-देन भी डिजिटल माध्यम से किए जा रहे थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अज्जू भकतानी से 20 हजार रुपये लेकर सट्टा संचालन किया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। मामले में आईपीएल के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेले जा रहे मैच पर सट्टा लगाए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने आरोपी दिनेश पंजवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, सह आरोपी अज्जू भकतानी और उसका एक अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 7(1) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
