
बिलासपुर। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक आरोपी को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मधुबन स्थित शराब भट्टी के पास आम रास्ते पर विजय नरेश उर्फ चप्पू सोनकर (34 वर्ष), निवासी नारियल कोठी अटल आवास, धारदार हथियार लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इधर, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने चार अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी प्रतिबंधक कार्रवाई की है। मदन गौर उर्फ हितेश, गोलू उर्फ बालू यादव, आकाश धीरज और लक्की उर्फ प्रियांशु साहू के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और शहर में शांति व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
